टाइटल के फंडे... मंडे टू संडे
अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की फिल्म 'सत्ते पे सत्ता' (1982) तो देखी ही होगी आपने... इसकी कहानी में सात भाइयों के किरदार हैं। इन सातों भाइयों के नाम सप्ताह के दिनों पर हैं यानी सोम, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि और रवि। इससे अंदाजा लगा सकते हैं कि हिंदी सिनेमा में सप्ताह के दिनों (वीक डेज) का कितना अहम रोल है। यहां फिल्में अमूमन फ्राइडे को रिलीज होती हैं। मौजूदा दौर में फिल्म की कामयाबी काफी हद तक रिलीज के शुरुआती वीकेंड (शुक्रवार, शनिवार और रविवार) के कलेक्शन पर निर्भर करती है। इस शुरुआती वीकेंड के कलेक्शन से यह संकेत मिल जाते हैं कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर भविष्य क्या रहने वाला है।
बहरहाल, हिंदी फिल्मों में 'संडे मंडे ट्यूजडे वेडनेसडे थर्सडे फ्राइडे सैटरडे...', 'जुम्मा चुम्मा दे दे...', 'संडे की रात थी पहली मुलाकात थी...', 'मंडे भी हो संडे सबकी मांग है...', 'करती हूं मैं तो प्यार सिर्फ संडे को...', 'चार बज गए लेकिन पार्टी अभी बाकी है...', 'थैंक गॉड इट्स फ्राइडे...', 'खून चूस ले', 'शनिवार राती हमें नींद नहीं आती...', 'सैटरडे सैटरडे...', 'जुम्मे की रात है...', 'हफ्ते में चार शनिवार होने चाहिए...', 'सैटरडे नाइट मैं अपने आप की नहीं सुनता...' सरीखे गानों के लिरिक्स में वीक डेज का यूज किया गया है। यूं भी कह सकते हैं कि इन गानों की थीम सप्ताह के किसी न किसी दिन के इर्द-गिर्द है। सिर्फ गानों में ही नहीं बल्कि कई हिंदी फिल्मों के टाइटल भी सप्ताह के किसी न किसी दिन पर रखे गए हैं। जिन फिल्मों के टाइटल वीक डेज पर हैं, उनकी स्टोरी कहीं न कहीं उस पर्टिकुलर डे पर बेस्ड है या फिर उस दिन का कहानी और उसके किरदारों से गहरा नाता है। यहां आपको बताने जा रहे हैं बॉलीवुड की कुछ ऐसी फिल्में, जिनके टाइटल सप्ताह के दिनों पर रखे गए हैं।
Black Friday (9 February 2007)डायरेक्टर : अनुराग कश्यप
स्टार कास्ट : पवन मल्होत्रा, के के मेनन, आदित्य श्रीवास्तव, इम्तियाज अली, प्रतिमा काजमी, जाकिर हुसैन, मुरली शर्मा, किशोर कदम, नवाजुद्दीन सिद्दीकी
जॉनर : क्राइम
यह 1993 के मुंबई बम ब्लास्ट से पहले की घटनाओं और उसके बाद की इन्वेस्टिगेशन के इर्द-गिर्द घूमती है। मुंबई धमाकों में 257 लोग मारे गए थे। फिल्म एस. हुसैन जैदी की किताब 'ब्लैक फ्राइडे: द ट्रू स्टोरी ऑफ द बॉम्बे बम ब्लास्ट्स' पर आधारित है।
Sunday (25 January 2008)
डायरेक्टर : रोहित शेट्टी
स्टार कास्ट : अजय देवगन, आयशा टाकिया, अरशद वारसी, इरफान खान, मुकेश तिवारी, व्रजेश हिरजी, मुरली शर्मा, अंजना सुखानी
जॉनर : मिस्ट्री कॉमेडी
वॉइसओवर आर्टिस्ट सहर (आयशा टाकिया) सैटरडे नाइट की लॉन्ग पार्टी के बाद जबरदस्त हैंगओवर के साथ जागती है। लेकिन, सहर को पता चलता है कि आज सोमवार है, रविवार नहीं। उसे कुछ याद नहीं है। ऐसे में उसे लगता है कि वह बेहोश हो गई होगी और उसका एक दिन बर्बाद हो गया होगा। जब सहर यह पता लगाने की कोशिश करती है कि संडे को उसके साथ क्या हुआ तो वह खुद को एक मर्डर की इन्वेस्टिगेशन के केंद्र में पाती है।
A Wednesday! (5 September 2008)
डायरेक्टर : नीरज पांडे
स्टार कास्ट : नसीरुद्दीन शाह, अनुपम खेर, जिमी शेरगिल, दीपल शॉ, आमिर बशीर
जॉनर : एक्शन थ्रिलर
यह एक आम आदमी की ताकत को बयां करती है। कहानी है मुंबई में एक बुधवार को दोपहर 2 से 6 बजे के बीच होने वाली घटनाओं की। ऐसी घटनाएं जिनका कोई रिकॉर्ड नहीं है। मुंबई पुलिस कमिश्नर प्रकाश राठौड़ (अनुपम खेर) को फोन आता है कि वे चार आतंकवादियों को छोड़ दें वरना मुंबई में 5 जगह पर उसने बम लगा रखे हैं और उनके जरिए वह ब्लास्ट कर देगा। प्रकाश पहले इसे मजाक समझते हैं, फिर उन्हें शक होता है। वे अपने बेस्ट ऑफिसर्स की टीम के साथ फोन करने वाले शख्स का पता लगाने में जुट जाते हैं।
Dee Saturday Night (21 February 2014)
डायरेक्टर : जय प्रकाश
स्टार कास्ट : प्रशांत नारायणन, अमन वर्मा, आरिफ जकारिया, माही खंडूरी, गौरव दीक्षित, मुश्ताक खान, विश्वजीत प्रधान, नाजनीन पटेल, बॉबी डार्लिंग
जॉनर : क्राइम ड्रामा
इसमें रेव पार्टी कल्चर से लेकर नायक एसीपी ढोबले (आरिफ जकारिया) द्वारा शहर की गंदगी को साफ करने के लिए छापेमारी करने तक की घटनाओं को एक के बाद एक दिखाया गया है। कहानी में शालिनी दीक्षित (माही खंडूरी) एक छोटे शहर की लड़की है, जो मुंबई आती है और डीईई - 'डर्टी इंग्लिश एंटरटेनमेंट' में फंस जाती है।
Tu Hai Mera Sunday (6 October 2017)
डायरेक्टर : मिलिंद धायमाडे
स्टार कास्ट : बरुण सोबती, शहाना गोस्वामी, विशाल मल्होत्रा, रसिका दुग्गल, अविनाश तिवारी, मानवी गगरू, नकुल भल्ला, जय उपाध्याय, शिव सुब्रमण्यम
जॉनर : स्लाइस-ऑफ-लाइफ
यह पांच दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है जो फुटबॉल खेलने के लिए मुंबई जैसे व्यस्त शहर में कुछ खाली जगह की तलाश में हैं। इन दोस्तों का फुटबॉल प्रेम इन्हें एक बुजुर्ग शख्स से मिलाता है, जो अपनी सुध-बुध खो चुका है। इस बुजुर्ग को कुछ याद नहीं, सिवा एक फोन नंबर के। कहानी में इन दोस्तों की फुटबॉल के मैदान की तलाश और अपनी-अपनी जिंदगी के संघर्ष के रंग बिखरे हैं।
डायरेक्टर : अभिषेक डोगरा
स्टार कास्ट : गोविंदा, प्रभलीन संधू, वरुण शर्मा, दिगांगना सूर्यवंशी, बृजेंद्र काला, राजेश शर्मा, संजय मिश्रा
जॉनर : कॉमेडी ड्रामा
राजीव छाबड़ा (वरुण शर्मा) सेल्समैन है, लेकिन लंबे अरसे से वह कोई वॉटर प्यूरीफायर नहीं बेच पाया है। उसकी जॉब खतरे में है। राजीव को पता चलता है कि स्टेज आर्टिस्ट गगन कपूर (गोविंदा) की पत्नी बेला को एक प्यूरीफायर की जरूरत है। बेला एक एनजीओ के लिए काम करती है। राजीव प्यूरीफायर लगाने के लिए गगन के घर पहुंचता है। वह देखता है कि बिंदु (दिगांगना सूर्यवंशी) नाम की युवती गगन की बाहों में लिपटी हुई है। राजीव से पहले उस घर में एक चोर घुसपैठ कर चुका है। गगन के विवाहेतर संबंधों का राज जानकर उसे ब्लैकमेल करता है। राजीव के घर में दाखिल होने के बाद बहुत सारा कन्फ्यूजन पैदा हो जाता है।Tuesdays and Fridays (19 February 2021)
डायरेक्टर : तरनवीर सिंह
स्टार कास्ट : झटलेका, अनमोल ठकेरिया ढिल्लों, निकी वालिया, कामिनी खन्ना, जोया मोरानी, नयन शुक्ला, एकलव्य कश्यप, रीम शेख, इब्राहिम चौधरी, परवीन डबास, अनुराधा पटेल
जॉनर : न्यू-एज रोमांस
लेखक वरुण सरीन (अनमोल ठकेरिया ढिल्लों) अपने बेस्टसेलर नॉवल के फिल्ममेकिंग राइट्स को लेकर वकील सिया मल्होत्रा (झटलेका) से मिलता है। कहानी लंदन पहुंचती है, जहां एक कॉफी हाउस में वरुण और सिया फिर मिलते हैं। वरुण और सिया दोनों का ही परिवार बिखरा हुआ है। इस वजह से दोनों को रिश्तों में ज्यादा भरोसा नहीं है। वरुण का मानना है कि हर रिश्ते की एक्सपायरी डेट होती है। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आने लगते हैं, लेकिन दोनों को डर यही है कि कहीं इस रिश्ते का आयोडीन तो जल्द ही नहीं उड़ जाएगा। ऐसे में अपने डर से निकलने के लिए दोनों यह तय करते हैं कि प्रेमी के रूप में वे सिर्फ ट्यूजडेज (मंगलवार) और फ्राइडेज (शुक्रवार) को ही रहेंगे, हफ्ते के बाकी दिन वह दोस्तों की तरह गुजार देंगे।A Thursday (17 February 2022)
डायरेक्टर : बेहजाद खंबाटा
स्टार कास्ट : यामी गौतम, नेहा धूपिया, डिम्पल कपाड़िया, अतुल कुलकर्णी, करणवीर शर्मा
जॉनर : विजिलेंट थ्रिलर
नैना जायसवाल (यामी गौतम) एक टीचर है। नर्सरी के बच्चों को पढ़ाती है। कहानी में टर्निंग पॉइंट तब आता है जब नैना 16 नन्हे-मुन्नों को हॉस्टेज बना लेती है। इन बच्चों को रिहा करने के बाद वह पुलिस के सामने कुछ डिमांड रखती है। धीरे-धीरे यह बात आग की तरह पूरे देश में फैल जाती है। वह पुलिस से 5 करोड़ रुपए की मांग करती है। दो लोगों को पकड़ कर लाने की बात कहती है और देश की प्रधानमंत्री से आमने-सामने बैठ कर बात करने की डिमांड रखती है।
One Friday Night (28 July 2023)
डायरेक्टर : मनीष गुप्ता
स्टार कास्ट : रवीना टंडन, मिलिंद सोमन, विधि चितालिया
जॉनर : सस्पेंस थ्रिलर
नामी गिरामी बिजनेसमैन राम वर्मा (मिलिंद सोमन) और गाइनाकोलॉजिस्ट डॉ. लता वर्मा शादीशुदा कपल हैं। दोनों की शादी को 20 साल हो चुके हैं। लेकिन, राम अपनी पत्नी को चीट कर रहा है। राम का अपने से आधी उम्र की लड़की निरोशा (विधि चितालिया) के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर है। निरोशा डांसर है। एक दिन नागपुर के बिजनेस टूर के बहाने राम गर्लफ्रेंड निरोशा को शहर से दूर बने अपने विला में ले जाता है। बरसात की रात में एक हादसा हो जाता है, जिसमें राम बुरी तरह जख्मी हो जाता है। इस गंभीर स्थिति का सामना कर रही निरोशा को कुछ समझ नहीं आता। वह लता से संपर्क करने का फैसला करती है। यहां से कहानी पत्नी और प्रेमिका के लिए युद्ध का मैदान बन जाती है।
Friday Night Plan (1 September 2023)
डायरेक्टर : वत्सल नीलकंठन
स्टार कास्ट : जूही चावला, बाबिल खान, अमृत जयन, आध्या आनंद, मेधा राणा, निनाद कामत, रिया चौधरी
जॉनर : कमिंग-ऑफ-एज कॉमेडी ड्रामा
दो भाई हैं। झगड़ालू हैं। हाई स्कूल में पढ़ते हैं। हमेशा एक दूसरे की टांग खींचते रहते हैं। फुटबॉल मैच में गोल करके बड़ा भाई स्कूल का हीरो बन जाता है और उसी रात होने वाली फ्राइडे पार्टी में उसे न्योता भी मिल जाता है। मां बिजनेस ट्रिप पर शहर से बाहर है तो दोनों भाई कार लेकर पार्टी में चले जाते हैं। चाहत यही है कि मां के बिजनेस ट्रिप से लौटने से पहले दोनों घर आ जाएं। लेकिन, भाइयों का यह प्लान उन्हें एक ऐसी रात में धकेल देता है, जहां उन्हें सारी बाधाओं से खुद निपटना है।
0 Comments