रेडियो... बॉलीवुड ऑन 'Air'
'तुम्हारी सुलु' या 'लगे रहो मुन्ना भाई' जैसी कुछ समकालीन फिल्मों को याद करना स्वाभाविक है, जहां मुख्य पात्रों में से एक रेडियो जॉकी है। 'टाइगर जिंदा है' का सबसे फेमस सॉन्ग 'दिल दिया गल्लां' भी याद आता है, जो शुरुआत में एक रेडियो गीत के रूप में दिखाया जाता है।
मन का रेडियो बजने दो जरा, गम को भूल कर जी ले तू जरा, स्टेशन कोई नया ट्यून कर ले जरा, फुल टू एटीट्यूड दे दे जरा...। हिमेश रेशमिया का यह गाना उनके द्वारा अभिनीत फिल्म का है, जिसका टाइटल है 'रेडियो : लव ऑन एयर' (2009)। यह गाना काफी हद तक इस वर्ष वर्ल्ड रेडियो डे की थीम 'रेडियो एंड पीस' का परिचायक है। बहरहाल, बॉलीवुड से रेडियो की 'फ्रीक्वेंसी' काफी मैच करती है। यानी बॉलीवुड फिल्मों और रेडियो का काफी पुराना रिश्ता है। न सिर्फ 'रेडियो' टाइटल से मूवी बन चुकी है बल्कि 'मन का रेडियो', 'सजन रेडियो.. ओओ.. बजइयो बजइयो बजइयो जरा...' (ट्यूबलाइट- 2017) सरीखे गाने भी हिंदी फिल्मों में आ चुके हैं, जिनके बोल 'रेडियो' पर केंद्रित हैं।
इतना ही नहीं, कई बॉलीवुड फिल्मों में नायक या नायिका रेडियो जॉकी, रेडियो अनाउंसर या रेडियो स्टेशन से जुड़े अन्य प्रोफेशनल के किरदार में नजर आ चुके हैं। फिल्म 'लगे रहो मुन्ना भाई' (2006) में नायिका विद्या बालन रेडियो जॉकी की भूमिका में थीं। फिल्म में उनका 'गुड मॉर्निंग मुंबई...' बोलने का अंदाज सबको लुभाता है। इस फिल्म के अलावा विद्या 'तुम्हारी सुलु' (2017) में भी आरजे का रोल अदा कर चुकी हैं, जिसमें वह लिस्नर्स के साथ प्यारी-प्यारी बातें करती हैं। फिल्म 'तड़का' (2022) में श्रिया सरन आरजे के किरदार से मधुरता फैलाती नजर आईं। वहीं, फिल्म 'दिल से..' (1998) में शाहरुख खान ऑल इंडिया रेडियो में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव के रोल में दिखाई दिए थे।
खास बात यह है कि बॉलीवुड फिल्मों के कई कलाकारों ने एक्टिंग डेब्यू से पहले रेडियो अनाउंसर या रेडियो जॉकी के रूप में काम किया है। इनमें प्रमुख नाम है सुनील दत्त। इनके अलावा सईद जाफरी, आयुष्मान खुराना, मनीष पॉल, मंत्रा, अपारशक्ति खुराना, मलिष्का मेंडोंसा जैसे कई नाम हैं, जिन्होंने रेडियो के रास्ते एक्टिंग में एंट्री ली। खैर, एक दौर तो ऐसा था जब रेडियो पर बजने वाले गीतों से गीत-संगीत की पॉपुलैरिटी तय होती थी। रेडियो सीलोन और फिर विविध भारती पर प्रसारित 'बिनाका गीतमाला' की 40 बरस से भी ज्यादा तक धूम रही। यह हिंदी सिनेमा के टॉप फिल्मी गीतों का काउंटडाउन शो था। ऑन स्क्रीन और ऑफ स्क्रीन भी रेडियो हिंदी सिनेमा का अभिन्न अंग था! बीती सदी में कुछ दशकों तक, हिंदी फिल्मों के गाने सुनने के लिहाज से रेडियो घर का एक अनिवार्य हिस्सा था। रेडियो पर कई ऐसे प्रोग्राम प्रसारित होते थे, जिनमें लोगों के फरमाइशी गीत सुनाए जाते थे। लोग अपनी फरमाइश चिट्ठी लिख कर बताते थे। रेडियो का पुरानी हिंदी फिल्मों में एक सपोर्टिंग और कभी-कभी मेजर रोल भी रहा है, यदि प्रमुख पात्रों में से एक गायक है। ऐसी फिल्मों में हमेशा रेडियो रिकॉर्डिंग स्टूडियो में कम से कम एक गाना फिल्माया जाता था और रेडियो पर लाइव प्रसारित किया जाता था। तब रेडियो ही गीतों के प्रसारण का एकमात्र सुगम साधन था, इसलिए ऐसे गीतों की संख्या अधिक थी।
आइए, आपको कुछ उन गानों का स्मरण कराते हैं, जिनमें काफी हद तक 'रेडियो' है।
जीवन बीन मधुर न बाजे...
फिल्म : स्ट्रीट सिंगर (1938)
सिंगर : के एल सहगल
म्यूजिक डायरेक्टर : आर सी बोराल
लिरिसिस्ट : आरजू लखनवी
एक्टर : के एल सहगल, कानन देवी
मैंने देखी जग की रीत...
फिल्म : सुनहरे दिन (1949)
सिंगर : मुकेश, शमशाद बेगम
म्यूजिक डायरेक्टर : ज्ञानदत्त
लिरिसिस्ट : डीएन मधोक
एक्टर : राज कपूर, रेहाना
सांवरे सांवरे...
फिल्म : अनुराधा (1960)
सिंगर : लता मंगेशकर
म्यूजिक डायरेक्टर : पंडित रविशंकर
लिरिसिस्ट : शैलेंद्र
एक्टर : बलराज साहनी, लीला नायडू
जिंदगी भर नहीं भूलेगी...
फिल्म : बरसात की रात (1960)
सिंगर : मोहम्मद रफी
म्यूजिक डायरेक्टर : रोशन
लिरिसिस्ट : साहिर लुधियानवी
एक्टर : भारत भूषण, मधुबाला
हमने तुझको प्यार किया है जितना...
फिल्म : दूल्हा दुल्हन (1964)
सिंगर : मुकेश
म्यूजिक डायरेक्टर : कल्याणजी-आनंदजी
लिरिसिस्ट : इंदीवर
एक्टर : राज कपूर, साधना
वो हम न थे...
फिल्म : चा चा चा (1964)
सिंगर : मोहम्मद रफी
म्यूजिक डायरेक्टर : इकबाल कुरैशी
लिरिसिस्ट : नीरज
एक्टर : चंद्रशेखर, हेलन
दिल का दर्द निराला...
फिल्म : कैसे कहूं (1964)
सिंगर : मोहम्मद रफी
म्यूजिक डायरेक्टर : एसडी बर्मन
लिरिसिस्ट : शकील बदायुनी
एक्टर : विश्वजीत, नंदा
हाय रे तेरे चंचल नैनवा...
फिल्म : ऊंचे लोग (1965)
सिंगर : लता मंगेशकर, महेन्द्र कपूर
म्यूजिक डायरेक्टर : चित्रगुप्त
लिरिसिस्ट : मजरूह
एक्टर : अशोक कुमार, राज कुमार, फिरोज खान
प्यार की दास्तां तुम सुनो...
फिल्म : फरार (1965)
सिंगर : लता मंगेशकर
म्यूजिक डायरेक्टर : हेमंत कुमार
लिरिसिस्ट : कैफी आजमी
एक्टर : अनिल चटर्जी, शबनम
आज की रात बड़ी शोख बड़ी नटखट...
फिल्म : नई उमर की नई फसल (1966)
सिंगर : आशा भोंसले, मोहम्मद रफी
म्यूजिक डायरेक्टर : रोशन
लिरिसिस्ट : नीरज
एक्टर : तनुजा, राजीव
गम उठाने के लिए...
फिल्म : मेरे हुजूर (1968)
सिंगर : मोहम्मद रफी
म्यूजिक डायरेक्टर : शंकर जयकिशन
लिरिसिस्ट : हसरत जयपुरी
एक्टर : जितेन्द्र, माला सिन्हा, राज कुमार
हमने देखी है उन आंखों की महकती खुशबू...
फिल्म : खामोशी (1969)
सिंगर : लता मंगेशकर
म्यूजिक डायरेक्टर : हेमंत कुमार
लिरिसिस्ट : गुलजार
एक्टर : राजेश खन्ना, वहीदा रहमान
पिया बिना पिया बिना...
फिल्म : अभिमान (1973)
सिंगर : लता मंगेशकर
म्यूजिक डायरेक्टर : एसडी बर्मन
लिरिसिस्ट : मजरूह सुल्तानपुरी
एक्टर : अमिताभ बच्चन, जया बच्चन
आते जाते खूबसूरत आवारा...
फिल्म : अनुरोध (1977)
सिंगर : किशोर कुमार
म्यूजिक डायरेक्टर : लक्ष्मीकांत प्यारेलाल
लिरिसिस्ट : आनंद बख्शी
एक्टर : राजेश खन्ना, सिंपल कपाड़िया
0 Comments