हिन्दी सिनेमा में 'युवा'

हिन्दी सिनेमा यानी बॉलीवुड में युवाओं को केंद्र में रखकर अब तक बहुत-सी फिल्में बन चुकी हैं। इनमें से किसी फिल्म में युवा मौज-मस्ती करते और बिंदास लाइफ जीते नजर आते हैं तो किसी में देश के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करते दिखाई देते हैं। International Youth Day पर हम 21वीं सदी की उन हिन्दी फिल्मों की बात कर रहे हैं, जिनके टाइटल में 'तरुणाई' है यानी वे फिल्में जिनके टाइटल युवा, जवानी, यंग, यूथ जैसे शब्दों को समेटे हुए हैं।

Yuva (21 May 2004)
यह एक पॉलिटिकल थ्रिलर ड्रामा है। इसका निर्देशन मणि रत्नम ने किया है। फिल्म कोलकाता में सेट है। माइकल, विष्णु और त्रिलोक स्टूडेंट लीडर हैं, जो राजनीति में व्याप्त भ्रष्टाचार को दूर करना चाहते हैं। उनके जीवन में एक अप्रत्याशित मोड़ आता है जब राजनेता प्रोसेनजीत भट्टाचार्य के लिए काम करने वाला गुंडा लल्लन सिंह उन्हें खत्म करने की कोशिश करता है। फिल्म में अजय देवगन, अभिषेक बच्चन, विवेक ओबरॉय, रानी मुखर्जी, करीना कपूर, ईशा देओल, ओम पुरी, सोनू सूद आदि मुख्य भूमिका में नजर आए।

Jawani Diwani: A Youthful Joyride (6 January 2006)
मनीष शर्मा निर्देशित इस एडल्ट कॉमेडी फिल्म में इमरान हाशमी, सेलिना जेटली, हृषिता भट्ट, महेश मांजरेकर और टीकू तलसानिया मुख्य भूमिका में नजर आए। कहानी में मनजीत "मन" कपूर मिडिल क्लास लाइफस्टाइल जीने वाला एक महत्वाकांक्षी गायक है। वह उमेश जुमानी के साथ कॉन्ट्रैक्ट करना चाहता है, जो एक रिकॉर्डिंग कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर है। उमेश तक पहुंचने के लिए मन उसकी बेटी राधा को अपने प्यार के जाल में फंसाता है। 

Yeh Jawaani Hai Deewani (31 May 2013)
अयान मुखर्जी निर्देशित इस कमिंग-ऑफ-एज रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा में दोस्तों की मस्ती है तो आखिर में रिश्तों और प्यार की कसक सुनाई देने लगती है। फिल्म का टेक्सचर और मेकिंग काफी हद तक युवाओं को फोकस में रखकर है। नैना और बनी साथ में पढ़ते थे, लेकिन दोनों एक दूसरे से बेहद जुदा हैं। नैना जहां पढ़ाई में ही डूबी रहती, वहीं बनी हर वक्त जिंदगी के साथ रेस लगाते हुए अपने ख्वाबों को पूरा करने की कोशिश में लगा रहता। बनी पूरी दुनिया घूमना चाहता है। उसे रुकना पसंद नहीं। शादी से नफरत है। एक अरसे बाद नैना और बनी मनाली की ट्रिप के दौरान मिलते हैं। नैना, बनी, अदिति और अवि इस रोड ट्रिप पर जिंदगी से जुड़े हर रोमांच का भरपूर लुत्फ लेते हैं। फिल्म में लीड रोल रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, कल्कि कोचलिन और आदित्य रॉय कपूर ने निभाए।

Youngistaan (28 March 2014)
डायरेक्टर सैयद अहमद अफजल की यह फिल्म युवा लीडरशिप के मुद्दे पर है। इस पॉलिटिकल ड्रामा में अभिमन्यु कौल जापान में अपनी गर्लफ्रेंड अन्विता चौहान के साथ मौज-मस्ती की जिंदगी एन्जॉय कर रहा है। अचानक एक दिन उसके पिता की मौत हो जाती है, जो देश के प्राइम मिनिस्टर थे। वतन लौटने के बाद हालात कुछ ऐसे बनते हैं कि 28 साल के अभिमन्यु को देश का पीएम बना दिया जाता है। अब प्रधानमंत्री बनने के बाद पॉलिटिक्स, मीडिया और गर्लफ्रेंड के बीच फंसे अभिमन्यु की पर्सनल लाइफ डिस्टर्ब हो जाती है। दूसरी ओर, देश में आम चुनाव होने वाले हैं। फिल्म में जैकी भगनानी, नेहा शर्मा और फारुख शेख मुख्य भूमिका में थे।

Uवा (26 June 2015)
Uवा पांच दोस्त सलमान, दीनबंधु, विक्रम, राम और अनिल की कहानी है, जो दिल्ली से सटे नोएडा में रहते हैं। पढ़ाई-लिखाई से दूर-दूर तक इनका नाता नहीं है, फिर भी घर वाले इनका एडमिशन एक बड़े अंग्रेजी मीडियम स्कूल में करवा देते हैं। फिर इनकी शरारतों के साथ-साथ एक रात कुछ ऐसी घटना घट जाती है, जिसके कारण इनकी जिंदगी बदल जाती है। जो गुनाह इन्होंने नहीं किया, पुलिस उसी जुर्म में इन्हें जेल में डाल देती है। इस कॉमेडी और सोशल ड्रामा में ओम पुरी, संजय मिश्रा, जिमी शेरगिल, अर्चना पूरण सिंह, परीक्षित साहनी और रजित कपूर जैसे कलाकार अहम किरदार में हैं। निर्देशन जसबीर भाटी का है।

Jawaani Jaaneman (31 January 2020)
यह फिल्म समाज में रिश्तों के बदलते पैमानों की कहानी है। अधेड़ उम्र का जसविंदर सिंह उर्फ जैज मिजाज से दिलफेंक है। शादी और बच्चों को जीवन का झमेला समझता है। एकदम बिंदास जीता है और ऐश करता है। उसे न परिवार की फिक्र है न समाज की। बस क्लब की जिंदगी उसे प्रिय है, जिसमें लड़कियां हैं और ढेर सारी मस्तियां। पीना, पिलाना। उसके लिए जिंदगी में मौजा ही मौजा है। और, तभी एक दिन डिस्को बार में उसकी तरफ एक लड़की आती है, जो बेहद आकर्षक है। नाम है टिया। वह जैज से कहती है कि उसे उससे कुछ जरूरी बात करनी है। जैज उसे अपने घर ले आता है। इसके बाद उसकी जिंदगी में तूफान आ जाता है। इस कॉमेडी ड्रामा का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। सैफ अली खान, अलाया एफ, तब्बू, चंकी पांडे, कुब्रा सैत और कुमुद मिश्रा ने प्रमुख भूमिकाएं अदा की हैं।

Indoo Ki Jawani (11 December 2020)
फिल्‍म की कहानी के केंद्र में इंदू है। उसका ठरकी बॉयफ्रेंड उसे छोड़ देता है। धोखा देता है। इंदू चिढ़ जाती है और तय करती है कि वह डेटिंग ऐप और वन-नाइट स्‍टैंड के जरिए अब अपना प्‍यार तलाशेगी। लेकिन, जिस शाम को रूमानी होना था, वह उसकी जिंदगी में भूचाल लेकर आती है। वह अनजाने ही एक बड़ी मुसीबत मोल ले लेती है। अबीर सेनगुप्ता निर्देशित इस कॉमेडी फिल्म में कियारा आडवाणी और आदित्य सील लीड रोल में हैं।

Jawan (Upcoming... 7 September 2023)
डायरेक्टर : एटली
स्टार कास्ट : शाहरुख खान, नयनतारा, विजय सेतुपति, प्रियामणि, सान्या मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर, रिद्धि डोगरा, गिरिजा ओक, संजीता भट्टाचार्य, दीपिका पादुकोण 

एक नजर 20वीं सदी की फिल्मों पर...

जवानी की हवा (1935)
डायरेक्टर : फ्रांज ओस्टेन
स्टार कास्ट : नजमुल हुसैन, देविका रानी, चंद्रप्रभा, कामता प्रसाद

जवानी (1942)
डायरेक्टर : वजाहत मिर्जा
स्टार कास्ट : हुस्न बानो, सुरेन्द्र

चल चल रे नौजवान (1944)
डायरेक्टर : ज्ञान मुखर्जी
स्टार कास्ट : अशोक कुमार, नसीम बानो, रफीक गजनवी

नौजवान (1951)
डायरेक्टर : महेश कौल
स्टार कास्ट : प्रेमनाथ, नलिनी जयवंत, नवाब कश्मीरी, कमल मेहरा, जेब कुरेशी

जवानी की आग (1951)
डायरेक्टर : हरनाम सिंह रवैल
स्टार कास्ट : रमोला, इफ्तेखार, रॉबिन मजूमदार, हीरालाल, मनोरमा, सुंदर

जवानी की हवा (1959)
डायरेक्टर : एम. सादिक
स्टार कास्ट : प्रदीप कुमार, वैजयंतीमाला, अनवर हुसैन, पूर्णिमा, जॉनी वॉकर

हम मतवाले नौजवान (1961)
डायरेक्टर : एल. रस्थाना
स्टार कास्ट : शेखर, सईदा खान, जीवन, आगा, चमन पुरी

नौजवान (1967)
डायरेक्टर : चांद
स्टार कास्ट : अजीत, निशी, हेलन, रंधावा, मदन पुरी, चमन पुरी

जवानी दीवानी (1972)
डायरेक्टर : नरेन्द्र बेदी
स्टार कास्ट : रणधीर कपूर, जया भादुड़ी, बलराज साहनी, निरूपा रॉय

जवानी (1984)
डायरेक्टर : रमेश बहल
स्टार कास्ट : करण शाह, नीलम कोठारी, शर्मिला टैगोर, मौसमी चटर्जी, नवीन निश्चल, अनुपम खेर

हम नौजवान (1985)
डायरेक्टर : देव आनंद
स्टार कास्ट : देव आनंद, तब्बू, ऋचा शर्मा, अनुपम खेर, जरीना वहाब

भटकती जवानी (1988)
डायरेक्टर : इंद्रजीत दोषी
स्टार कास्ट : मधु कपूर, मुकरी, ललिता पवार, सत्यजीत पुरी

जवानी जिंदाबाद (1990)
डायरेक्टर : अरुण भट्ट
स्टार कास्ट : आमिर खान, फरहा नाज, जावेद जाफरी, कादर खान, रोहिणी, उत्पल दत्त, शोभा खोटे, राजेश पुरी